दारोगा का ऑडियो हुआ वायरल, डीएसपी ने घंटों की जांच
पटना
राजधानी पटना के कदमकुआं थाने में कुछ महीने पहले तक दलालों का दबदबा था। शराब माफिया और एक युवक के बीच हुई बातचीत के ऑडियो वायरल मामले में पुलिस अधिकारी अभी पड़ताल कर ही रहे थे कि इसी बीच कदमकुआं थाने के एक दारोगा का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो में एक युवक दारोगा से संदिग्ध परिस्थिति में बात करता सुनाई दे रहा है। युवक दारोगा से कह रहा है .. भैया, रौबिन बोल रहे थे। .. वो आया था भैया जिसका फोन लिये थे। इस पर दारोगा कहता है.. -अभी पूरा नहीं आया है.. इस पर युवक कहता है..पूरा नहीं दिया है। आधे.. अबकी आएगा तो बैठा लीजियेगा। मोबाइल .. छीन लीजियेगा। फिर दोनों के बीच बात आगे बढ़ती है। इस ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस अफसर हैरान हैं। आईजी रेंज संजय सिंह ने वायरल हुई दूसरे ऑडियो क्लिप के जांच के आदेश दिये हैं। इस मामले की छानबीन टाउन डीएसपी सुरेश प्रसाद कर रहे हैं। शुक्रवार को डीएसपी कदमकुआं थाने पहुंचे और कई पुलिसवालों से पूछताछ की।
थाने के एक पूर्व अफसर भी जांच के घेरे में
गुरुवार को शराब के मामले में पैसों की डीलिंग करते हुये एक युवक का ऑडियो वायरल हुआ था। मामले की जांच करने के दौरान टाउन डीएसपी ने कुछ मोबाइल नंबरों को चिन्हित किया है। सूत्रों की मानें तो कदमकुआं थाने के एक पूर्व अफसर भी इस पूरे प्रकरण में जांच के घेरे में आ गये हैं। उन्हें भी आला अफसरों के कई सवालों के जवाब देने होंगे। रेंज आईजी संजय सिंह के निर्देश पर चल रहे जांच में थाने के सिपाही से लेकर दारोगा रैंक तक के अफसरों पर गाज गिर सकती है। एक-एक कर सभी से पूछताछ की जायेगी।

पाठको की राय